राजनागर / Balram Panda :राजनगर में झारखंड की खनिज संपदा और प्राकृतिक संसाधनों पर राज्य के हक-अधिकार को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है, आगामी 7 सितंबर को राजनगर प्रखंड परिसर में प्रस्तावित महाधरना-प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए झामुमो ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं.
इसी कड़ी में राजनगर स्थित झामुमो कार्यालय में पूर्व विधानसभा प्रत्याशी एवं झामुमो केंद्रीय सदस्य गणेश महाली की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, बैठक में प्रखंड अध्यक्ष राम सिंह हेम्ब्रम समेत पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे.
बैठक में केंद्र सरकार के खान और खनिज विकास एवं विनियमन संशोधन विधेयक 2026 को लेकर पार्टी की ओर से जताई जा रही आपत्तियों पर चर्चा हुई, झामुमो नेताओं ने आरोप लगाया कि इस तरह के प्रावधानों से झारखंड के खनिज एवं प्राकृतिक संसाधनों पर राज्य के अधिकार कमजोर हो सकते हैं.
गणेश महाली ने कहा कि झारखंड की खनिज संपदा और प्राकृतिक संसाधनों पर राज्य के अधिकारों की रक्षा पार्टी की प्राथमिकता है, उन्होंने कहा कि झारखंड के हितों को प्रभावित करने वाली नीतियों के खिलाफ पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से मजबूती के साथ आवाज उठाएगी.
बैठक में 7 सितंबर के महाधरना को व्यापक बनाने के लिए रणनीति तैयार की गई, प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और आम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया. पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर महाधरना-प्रदर्शन को सफल बनाने का संकल्प लिया और अधिक से अधिक लोगों से इसमें शामिल होने का आह्वान किया.
अब देखना होगा कि 7 सितंबर को राजनगर की धरती पर झारखंड के हक-अधिकार की इस लड़ाई में कितनी बड़ी जनभागीदारी देखने को मिलती है.



































