आदित्यपुर : आदित्यपुर थाना क्षेत्र से दो नाबालिग छात्रों के लापता होने का मामला सामने आया है, शनिवार सुबह दोनों छात्रों के घर से निकलने के बाद उनका अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है, परिजन लगातार खोजबीन में जुटे हैं, जबकि पुलिस को भी मामले की सूचना देकर दोनों की सकुशल बरामदगी की मांग की गई है.
लापता छात्रों में अंश गुप्ता (14 वर्ष), निवासी साईं नगर, बैंक ऑफ बड़ौदा के समीप, कल्पनापुरी, तथा मोहम्मद अरशद शामिल हैं, परिजनों एवं स्थानीय सूत्रों के अनुसार, दोनों जमशेदपुर स्थित रामा कृष्ण मिशन के छात्र हैं और एक ही कक्षा में पढ़ते हैं.
परिजनों ने बताया कि शनिवार सुबह अंश गुप्ता करीब 5:23 बजे घर से निकले थे, इसके लगभग 12 मिनट बाद, सुबह 5:35 बजे आदित्यपुर थाना क्षेत्र के एस-टाइप मोड़ के समीप एक प्रतिष्ठान के सीसीटीवी कैमरे में दोनों छात्र स्कूल बैग के साथ जाते हुए दिखाई दिए, इसके बाद से दोनों का कोई पता नहीं चल सका है.
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, दोनों के मुंबई जाने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है.
परिजनों का कहना है कि घर में किसी प्रकार का विवाद, डांट-फटकार या ऐसी कोई परिस्थिति नहीं थी, जिससे दोनों के घर छोड़ने की वजह स्पष्ट हो सके, यही कारण है कि परिवार गहरी चिंता में है और किसी अनहोनी की आशंका से परेशान है.
परिजनों ने प्रशासन से मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों नाबालिग छात्रों का जल्द से जल्द पता लगाने की मांग की है, साथ ही आमजन से भी अपील की है कि यदि दोनों में से कोई भी कहीं दिखाई दे या उनके संबंध में कोई भी विश्वसनीय जानकारी मिले तो तत्काल परिवार अथवा स्थानीय पुलिस को सूचना दें.
संपर्क नंबर:
8235674475
8709849195
परिजनों का कहना है कि आपकी एक छोटी-सी सूचना भी दोनों बच्चों को सुरक्षित उनके परिवार तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है.

















