सरायकेला / Balram Panda : खरसावां जिले के कपाली थाना क्षेत्र में आगामी बकरीद पर्व को लेकर पुलिस और यातायात विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है, बुधवार को पुलिस निरीक्षक यातायात एवं कपाली ओपी की संयुक्त टीम द्वारा डोबो पुल के समीप सघन एंटी ड्रंक एंड ड्राइव अभियान चलाया गया. अभियान के दौरान सड़क से गुजरने वाले वाहनों की गहन जांच की गई तथा शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर विशेष नजर रखी गई.

प्रशासनिक अधिकारियों के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों को रोककर चालकों की ब्रेथ एनालाइजर मशीन से जांच की गई। वहीं संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों, असामाजिक तत्वों और सड़क पर हुड़दंग करने वालों को कड़ी चेतावनी भी दी गई.
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पर्व-त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है. शराब पीकर वाहन चलाने, तेज रफ्तार, स्टंटबाजी और सार्वजनिक स्थानों पर उत्पात मचाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी. अभियान के दौरान कई वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई.

कपाली ओपी और यातायात पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप का माहौल देखा गया। डोबो पुल के आसपास देर शाम तक वाहनों की जांच जारी रही. पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि पर्व के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें.
वहीं, प्रशासन ने साफ संकेत दिया है कि बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए आने वाले दिनों में भी इसी तरह सघन जांच और विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा.


















