आदित्यपुर / Balram Panda: लोकआस्था का महापर्व छठ पूजा और दीपावली का त्योहार शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के वातावरण में संपन्न होने पर आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष एवं आदित्यपुर-गम्हरिया विकास समिति के अध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह ने जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और नगर निगम के अधिकारियों के साथ क्षेत्र की जनता को बधाई एवं आभार व्यक्त किया है.
उन्होंने कहा कि प्रशासनिक मुस्तैदी, बेहतर समन्वय और आम नागरिकों के सहयोग से दोनों पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए, इसके लिए उपायुक्त नितिश कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार स्वर्गियारी समेत तमाम प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की भूमिका सराहनीय रही.
इधर, कुल्लूपटांगा छठ घाट पर श्रीश्री राम मंदिर नवयुवक दुर्गा पूजा एवं काली पूजा कमेटी की ओर से संरक्षक पुरेंद्र नारायण सिंह और अध्यक्ष विनय कृष्ण राजू के नेतृत्व में श्रद्धालुओं की सेवा के लिए विशेष शिविर लगाया गया, छठव्रती माताओं-बहनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नदी के बेड में चेंजिंग रूम, घाट तक पहुंचने वाले रास्ते पर प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए पार्किंग की समुचित व्यवस्था की गई.
वहीं, जिला प्रशासन की ओर से घाट पर तैराकों एवं गोताखोरों की तैनाती कर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, शिविर में एडीसी जयवर्धन कुमार और गम्हरिया बीडीओ श्रवण झा की विशेष उपस्थिति भी रही.
सेवा शिविर में कमेटी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने पूरी तत्परता से श्रद्धालुओं को सहयोग दिया, पुरेंद्र नारायण सिंह ने कहा कि छठ केवल आस्था का पर्व नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और सामाजिक एकजुटता का भी प्रतीक है, सभी के सामूहिक प्रयास से पर्व का सफल और शांतिपूर्ण आयोजन संभव हो सका.

















